Location: कांडी

कांडी प्रतिनिधि:रामभक्ति और उत्साह के माहौल के बीच कांडी प्रखंड क्षेत्र में रामनवमी का भव्य जुलूस धूमधाम से निकाला गया। पूरे क्षेत्र में “जय श्री राम” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। जुलूस में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे अनुशासन के साथ विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे।
इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में अंचल अधिकारी राकेश सहाय की भूमिका बेहद सराहनीय रही। वे स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर जुलूस की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने पुलिस बल और प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर बनाए रखी, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
अंचल अधिकारी राकेश सहाय लगातार विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के कारण कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना था कि प्रशासन की मुस्तैदी और राकेश सहाय के कुशल नेतृत्व के कारण ही इतना बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया।
जुलूस के दौरान विभिन्न जगहों पर सामाजिक संगठनों द्वारा जलपान और भंडारा का भी आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में और भी उत्साह देखने को मिला।











