Location: Manjhiaon
गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के कौवाखोह गांव में करंट लगे तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सूर्य रजवार उर्फ सुखाड़ी रजवार (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना सोमवार सुबह उस समय हुई जब वह शौच के लिए बाहर गए थे।
गांव के ही दीपक कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए कंटीले तार में बिजली प्रवाहित कर रखी थी। इसी तार की चपेट में आने से सुखाड़ी रजवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में बिजली विभाग के कनीय अभियंता महादेव महतो ने बताया कि खेत में बिजली का उपयोग अवैध रूप से पोल से किया गया था, जिसकी पुष्टि संबंधित बिजली मिस्त्री की रिपोर्ट में हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।











