Location: Manjhiaon
मझिआंव: थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत दुबे टोला वार्ड नंबर 2 निवासी ललन राम के पुत्र वीरेंद्र राम की मृत्यु उड़ीसा में काम के दौरान हो गई। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार वीरेंद्र राम एक माह पूर्व उड़ीसा गया था और वहां कारपेंटर का कार्य करता था।
सोमवार को काम के दौरान वह एक ऊंची बिल्डिंग से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय हाईटेक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार की अहले सुबह करीब 5 बजे उसकी मृत्यु हो गई। शव के बुधवार सुबह तक घर पहुंचने की संभावना है।
वीरेंद्र राम अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी रीना देवी, वृद्ध पिता ललन राम, जो वर्षों से बीमार हैं, और दो पुत्र – अमित कुमार (17 वर्ष) एवं अजित कुमार (14 वर्ष) हैं। उसकी मृत्यु से घर में कोहराम मच गया है। फिलहाल पत्नी को उसकी मृत्यु की सूचना नहीं दी गई है, क्योंकि वह बीमार है।
मृतक के घर और मोहल्ले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है और शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि झारखंड में पर्याप्त कल-कारखाने होते तो मजदूरों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती और ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। बेरोजगारी के कारण मजदूर पलायन को मजबूर हैं और आए दिन दुर्घटनाओं में उनकी जान जा रही है।











