Location: Garhwa
गढ़वा। कांडी क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया रिपोर्टों पर संज्ञान लेते हुए सदर एसडीएम संजय कुमार ने बुधवार को कांडी क्षेत्र के विभिन्न अवैध खनन संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनधिकृत रूप से संग्रहित बालू को जब्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाडीह के समीप स्थित एक निजी स्टॉकयार्ड में छापेमारी की गई, जहां लगभग 300 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर अवैध रूप से संग्रहित बालू पाया गया। मौके पर मौजूद स्थानीय मुखिया ललित बैठा सहित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त बालू को कोयल नदी से रात के अंधेरे में अवैध रूप से निकालकर यहां भंडारित किया गया है।
एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से अनधिकृत बालू भंडार को जब्त करते हुए अंचल अधिकारी राकेश सहाय को सुपुर्द कर दिया। साथ ही थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि स्थल पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में बालू का उठाव न होने दिया जाए। उन्होंने बताया कि मामले में खनन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है तथा संबंधित स्टॉकयार्ड की अनुज्ञप्ति रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसके बाद एसडीएम ने मोखापी बालू घाट का निरीक्षण किया, जहां स्टॉकयार्ड में 2000 ट्रैक्टर से अधिक बालू का भंडार पाया गया। स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर इस भंडार को संदिग्ध मानते हुए जिला खनन पदाधिकारी को वस्तुस्थिति से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। तब तक अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को उक्त स्टॉक पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
तलशबरिया में बालू उठाते मिले दो ट्रैक्टर
मझिआंव प्रखंड के तलशबरिया क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसडीएम को नदी से दिनदहाड़े दो ट्रैक्टरों द्वारा बालू उठाते हुए देखा गया। पुल से गुजरते समय यह दृश्य दिखते ही उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए नदी की ओर गाड़ी बढ़ाई। इसकी भनक लगते ही ट्रैक्टर चालकों ने नदी में ही बालू पलट दिया और खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पास के एक ईंट भट्ठे में खड़ा कर फरार हो गए।
एसडीएम ने भट्ठा परिसर तक पहुंचकर भट्ठा कर्मियों से पूछताछ की तथा ट्रैक्टरों की चेसिस विवरणी के आधार पर मालिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही स्थानीय पुलिस को उक्त क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू खनन व परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।











