Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को अनुमंडल अस्पताल एवं अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सबसे पहले अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में पाई गई कई कमियों पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सुचित्रा कुमारी को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई, दवा उपलब्धता तथा मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर दिनेश कुमार गोप, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
उपायुक्त के औचक निरीक्षण को लेकर दिनभर प्रशासनिक महकमे में हलचल बनी रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।











