Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। श्रावण माह की अंतिम सोमवारी को राजा पहाड़ी शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने शनिवार को राजा पहाड़ी शिव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने बताया कि अंतिम सोमवारी को मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में परेशानी न हो, इसके लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी लगाई जाएगी।
अधिक भीड़ को देखते हुए श्रद्धालु अर्घा के माध्यम से भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करेंगे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से की जाएगी।
प्रशासन ने मेला मार्ग पर दुकानदारों को सड़क पर दुकान लगाकर रास्ता संकरा नहीं करने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन में परेशानी न हो।
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
राजा पहाड़ी शिव मंदिर जाने वाले मेला मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को मंदिर परिसर तक ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेन मार्केट से मंदिर जाने वाले दोनों रास्तों तथा मुख्य बाजार में भी वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। विशेष रूप से टेंपो चालकों पर पुलिस की नजर रहेगी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ रौशन कुमार, सीओ विकास कुमार सिंह, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित मंदिर समिति के कई सदस्य मौजूद थे।











