Location: Meral
मेराल। प्रखंड के हासनदाग गांव में सोमवार को स्टूडेंट क्लब के तत्वावधान में 11 दिवसीय गणेश चतुर्थी पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयकारों से गुंजायमान रहा।
महोत्सव का शुभारंभ वाराणसी से पधारे आचार्य पंडित श्री श्री 1008 विश्वाकांत पांडे के सानिध्य में हुआ। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मुख्य यजमान सहित श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
महोत्सव को लेकर स्टूडेंट क्लब के सदस्यों ने आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया है। क्लब द्वारा पिछले कई वर्षों से मुंबई की तर्ज पर भव्य पंडाल सजाकर गणेश पूजा का आयोजन किया जाता रहा है। पंडाल में स्थापित भगवान गणेश की दिव्य और मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूजा शुरू होते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष आरती, भोग एवं महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और बच्चों में सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाना है।
पूजा महोत्सव को सफल बनाने में स्टूडेंट क्लब के सदस्यों के साथ हासनदाग गांव के ग्रामीण भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए वालंटियर्स की तैनाती की गई है। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।
पूजा आयोजन में सोनू विश्वकर्मा, अरकेश चंद्रवंशी, कृष्णा विश्वकर्मा, रमेश चंद्रवंशी, संजय विश्वकर्मा, रामप्रवेश चंद्रवंशी, उपेंद्र चंद्रवंशी, राजन विश्वकर्मा, दिनेश चंद्रवंशी, गोलू विश्वकर्मा, अवधेश चंद्रवंशी, दिलीप विश्वकर्मा, मनीष ठाकुर सहित अन्य लोग सक्रिय रूप से भूमिका निभा रहे हैं।











