Location: Meral
मेराल। श्रावण मास की चौथी एवं अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर मेराल प्रखंड क्षेत्र के हड़ही पहाड़ शिव स्थान पर भव्य श्रावणी मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा शिव स्थान भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। वहीं चामा गांव में जल यात्रा निकालकर श्रावण मास का आयोजन किया गया।
हड़ही पहाड़ मेले का उद्घाटन प्रमुख दीपमाला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, मुखिया राम सागर महतो, धनंजय चौधरी, रूपू महतो, मदन यादव सहित पूजा समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का पवित्र महीना है। हड़ही पहाड़ शिव स्थान पर आयोजित यह मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावधानी एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की।
विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति में अद्भुत शक्ति है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बढ़ती है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए पूजा समिति और स्थानीय ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं।
मुखिया राम सागर महतो ने कहा कि हड़ही पहाड़ शिव स्थान क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रत्येक वर्ष श्रावण की सोमवारी पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने मेले के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजाई गई थीं, जिससे पूरे परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा।
समाजसेवी धनंजय चौधरी ने पूजा समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में अध्यक्ष संजय महतो, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार, सचिव राकेश कुमार, संचालनकर्ता अरविंद महतो, रामजी कुशवाहा, सुनील कुमार, रोहित कुमार, कमलेश कुमार, मदन यादव, मुरली महतो, उपेंद्र बैठा, लालदीप कुशवाहा, नंदू महतो, राजकुमार महतो सहित पूजा समिति के सदस्य, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।











