Location: Ramana
रमना: मडवनियां पंचायत सचिवालय प्रांगण में शुक्रवार को “स्कूल रूआर कार्यक्रम 2025” की सफलता को लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, बीडीओ विकास पांडेय, मडवनियां मुखिया स्वीटी वर्मा, रमना मुखिया दुलारी देवी एवं सिलीदाग मुखिया अनिता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिप अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि विभागीय स्तर पर विभिन्न योजनाओं और विशेष सुविधाओं के बावजूद बच्चों के नामांकन और ठहराव में अपेक्षित सुधार न होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय की संयुक्त सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने शिक्षकों से विभागीय दिशा-निर्देशों का ईमानदारीपूर्वक अनुपालन करने की अपील की।
बीडीओ विकास पांडेय ने कहा कि बच्चों को स्कूल में वापस लाने और उनके ठहराव को सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करना होगा। बीपीओ सुनीता कुजूर ने कार्यक्रम के तहत स्कूलों में 16 दिनों तक चलने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी शिक्षकों को दी।
कार्यक्रम में शिक्षक नंदकिशोर चौबे ने ‘स्कूल रूआर’ कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जबकि संचालन शिक्षक सुरेंद्र गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर सीआरपी सतीशधर दुबे, कुमार गौरव, एमआईएस विजय कुमार, रिसोर्स टीचर उपेंद्र कुमार, हेडमास्टर फुलेंद राम, विष्णुदेव मांझी, राकेश पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि दिलीप ठाकुर और राकेश कुमार सहित कई प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।












