Location: सगमा
सगमा (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र के सोनडीहा पंचायत अंतर्गत दक्षिणी टोला में सोमवार को आंगनबाड़ी सेविका के चयन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया प्रभारी सीडीपीओ सह धुरकी अंचल अधिकारी बिमल कुमार एवं एलएस पिंकी राज की अध्यक्षता में कराई गई।
सेविका पद के लिए कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन पत्रों एवं प्रमाण पत्रों की जांच के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों में बीसी-2 श्रेणी से संबंधित आपत्तियां पाई गईं। वहीं, कुछ आवेदकों द्वारा उत्तर प्रदेश से जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए थे, जिन्हें निर्धारित नियमों के तहत मान्य नहीं माना गया। जांच प्रक्रिया के बाद कुल चार आवेदन सही पाए गए।
चयन प्रक्रिया में रेणु कुमारी को 18 अंक, प्रमिला देवी को 19 अंक, संगीता कुमारी को 22 अंक तथा श्वेता कुमारी को सर्वाधिक 26 अंक प्राप्त हुए। सर्वाधिक अंक हासिल करने के आधार पर श्वेता कुमारी का आंगनबाड़ी सेविका पद के लिए चयन किया गया। चयन की घोषणा प्रभारी सीडीपीओ बिमल कुमार एवं एलएस पिंकी राज द्वारा मौके पर की गई।
चयन प्रक्रिया को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते देखा और चयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर संतोष व्यक्त किया।
मौके पर हेडमास्टर मनोहर दास, विष्णु यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि दशरथ बैठा, डॉ. यासिन अंसारी, महेन्द्र प्रजापति, राकेश यादव, अचेत प्रजापति, राजू गुप्ता, अजय राम, राजेन्द्र प्रसाद यादव, मुंद्रिका गुप्ता सहित अन्य सेविका-सहायिका एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
बताया गया कि नव चयनित आंगनबाड़ी सेविका श्वेता कुमारी, दीपक कुमार ठाकुर की पत्नी हैं। चयन के बाद ग्रामीणों ने श्वेता कुमारी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।











