Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर।
जिले के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने शनिवार को श्री बंशीधर नगर स्थित ट्रॉमा सेंटर एवं अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और मौके पर उपस्थित अधिकारियों व स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि अनुमंडल अस्पताल की वर्तमान व्यवस्था “ठीक-ठाक” है, लेकिन इसे और बेहतर बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में मौजूद कमियों को जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
डॉ. केनेडी ने बताया कि अनुमंडल अस्पताल में अब एनेस्थेटिक, सर्जन सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकों की पदस्थापना कर दी गई है। इसके साथ ही चिकित्सकों के कार्य के लिए जरूरी उपकरण एवं संसाधन भी शीघ्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
उन्होंने सिकल सेल जांच को लेकर कहा कि इसकी प्रक्रिया को और अधिक व्यापक रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की समय पर जांच हो सके और बीमारी की पहचान प्रारंभिक अवस्था में ही की जा सके।
ट्रॉमा सेंटर के संबंध में सिविल सर्जन ने बताया कि वहां डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती तो कर दी गई है, लेकिन अभी पूरी व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ट्रॉमा सेंटर को जल्द ही पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने सहिया साथियों को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव जाकर फोलिक एसिड एवं आयरन की गोलियों का वितरण सुनिश्चित करें, जिससे लोगों में खून की कमी (एनीमिया) को दूर किया जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाया जा सके।











