Location: कांडी
कांडी। प्रखंड क्षेत्र के एक कर्मठ शिक्षक अमरेंद्र कुमार पंडित को मुख्यमंत्री द्वारा सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति पत्र दिए जाने के बाद लमारी कला में उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार के साथ ग्रामीण क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रखंड क्षेत्र के इकलौते पीएम श्री उच्च विद्यालय, लमारी कला के सहायक अध्यापक रहे अमरेंद्र कुमार पंडित का कांडी प्रखंड से भाषा शिक्षक के तौर पर सहायक आचार्य पद के लिए चयन हुआ है। उन्हें 28 नवंबर को राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
विद्यालय से विदाई ले रहे श्रमशील, कर्मठ और अंग्रेजी भाषा में दक्ष शिक्षक अमरेंद्र कुमार पंडित को लमारी कला में जोरदार ढंग से सम्मानित किया गया। यह भी उल्लेखनीय है कि अंग्रेजी शिक्षण में निपुण होने के कारण इन्हें एक बार गढ़वा जिला से अकेले प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। अपने कार्यकाल में उन्होंने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें उच्च पदों तक पहुँचने के योग्य बनाया है।
सम्मान समारोह में अमरेंद्र कुमार पंडित ने कहा कि शिक्षक का प्रथम कर्तव्य गुरु पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को सरल और बेहतर शिक्षा देना है। वहीं उन्होंने छात्रों को भटकाव से दूर रहकर मनोयोगपूर्वक अध्ययन कर अपना करियर संवारने की सलाह दी, ताकि उनके माता-पिता, शिक्षक एवं समाज को उन पर गर्व हो सके।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया गीता देवी, भाजपा नेता रामलाला दुबे, संतोष कुमार सिंह, शशि रंजन दुबे, विनोद प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षकों ने अमरेंद्र कुमार पंडित की विद्वता, कर्मठता एवं समर्पण की सराहना की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।












