Location: Meral
मेराल (गढ़वा) : मेराल थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी आंगनबाड़ी सेविका सह 54 नंबर बूथ की बीएलओ उमा देवी ने मेराल उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह एवं उनके सहयोगियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को मेराल थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई एवं परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह लगभग 10 बजे वह बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह वहां पहुंचे और कथित रूप से मतदाता सूची में दो स्थानों पर नाम दर्ज लोगों का दोनों जगह से एसआईआर फॉर्म भरने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई तथा भरे हुए एसआईआर फॉर्म फाड़ दिए गए। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल मेराल के प्रखंड विकास पदाधिकारी यशवंत नायक को दी।
उमा देवी ने आरोप लगाया कि उसी दिन रात करीब 10 बजे संजय कुमार सिंह अपने पुत्र सूरज कुमार सिंह एवं चिंटू कुमार चंद्रवंशी के साथ उनके घर पहुंचे। वहां गाली-गलौज करते हुए दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, घर में घुसकर मारपीट की तथा नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। आवेदन में छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान उनके बच्चे रोते-बिलखते रहे। इसके बाद आरोपित कथित रूप से धमकी देते हुए वहां से चले गए।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि 14 जुलाई की रात करीब आठ बजे उनके पति नागेंद्र चंद्रवंशी मझिआंव मोड़ पर घर जाने के लिए टेंपो का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपित उन्हें जबरन पेट्रोल पंप स्थित एक कमरे में ले गए, जहां एसआईआर कार्य को लेकर दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। घायल नागेंद्र चंद्रवंशी का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में कराया गया।
उमा देवी ने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपित प्रभावशाली एवं दबंग हैं, जिससे उनके पूरे परिवार की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मेराल उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रतिनिधि होने के नाते ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने उमा देवी के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कराया था तथा विभागीय जांच की मांग की थी। उसी से बचने के लिए उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उमा देवी और उनके पति ने ही उनके साथ गाली-गलौज की थी, जिसकी शिकायत उन्होंने भी मेराल थाना में दर्ज कराई है।











