Location: Manjhiaon
मझिआंव। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान-2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया गया। मझिआंव प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 139 एवं 126 की बीएलओ सुमित्रा देवी और नीलम देवी ने शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना पत्र का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी श्रीमती कनक ने की। इसके बाद प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ ने बीएलओ सुमित्रा देवी, नीलम देवी तथा पर्यवेक्षक अविनाश कुमार सिंह एवं अजीत कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बीडीओ ने अन्य सभी बीएलओ, स्वयंसेवकों एवं संबंधित कर्मियों से भी इनसे प्रेरणा लेकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से एसआईआर कार्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी परमानंद प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।