Location: Manjhiaon
मझिआंव/बरडीहा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बरडीहा प्रखंड के कौवाखोह गांव में रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरडीहा बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की।
उन्होंने बताया कि एसआईआर फॉर्म भरने का कार्य प्रगति पर है और यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क है। इसके लिए किसी भी व्यक्ति अथवा बीएलओ को किसी प्रकार की राशि देने की आवश्यकता नहीं है।
बीडीओ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति, बीएलओ या अन्य कर्मी एसआईआर कार्य के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रखंड कार्यालय को दें। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950, वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा संबंधित बीडीओ, सीओ, एसडीओ या अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी शिकायत की जा सकती है, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में ग्रामीणों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए समय पर एसआईआर फॉर्म भरने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचने की अपील की गई।











