Location: Manjhiaon
मझिआंव
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 निवासी दिनेश सोनी के 22 वर्षीय पुत्र अंसराज सोनी उर्फ राज सोनी की मौत शुक्रवार की शाम मेराल थाना क्षेत्र के हाईवे पर सड़क दुर्घटना में हो गई। बताया जाता है कि वह अपने साथियों के साथ दुद्धी से एक शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था, तभी मेराल थाना क्षेत्र स्थित लाइन होटल के पास एक हाइवा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि अंसराज की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
दुर्घटना से मर्माहत लोगों ने रविवार को यंग स्टार क्लब के अध्यक्ष नीरज कमलापुरी की अध्यक्षता में श्री राम जानकी अखाड़ा के समीप शोक सभा आयोजित की। शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
यंग स्टार क्लब एवं व्यवसायी संघ के अध्यक्ष नीरज कमलापुरी ने कहा कि अंसराज की असमय मृत्यु ने सभी को गहरा आघात पहुंचाया है। वह हर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेता था और हंसमुख व मिलनसार स्वभाव का था। इतनी कम उम्र में हुई उसकी दर्दनाक मौत सभी के लिए बड़ी क्षति है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
शोक सभा में विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री सोनू सिंह, युवा समाजसेवी विकास दुबे, युवा समाजसेवी मारूति नंदन सोनी, बजरंग दल के खंड संयोजक अभिमन्यु सिंह, विवेक सोनी, शिव शंकर कमलापुरी, टुकु कमलापुरी, मनोज जायसवाल, प्रमोद जायसवाल, दीपक माली, शिवनारायण कमलापुरी, शंभू साव, रितेश गुप्ता, वीरेंद्र प्रसाद, पवन कुमार, विजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।












