Location: पलामू
मेदिनीनगर : शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा जीएलए कॉलेज भवानी नगर निवासी आदित्य सिन्हा के बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए ताला तोड़ दिया और घर में रखे कीमती सामान की चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
पीड़ित ने तत्काल घटना की सूचना शहर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुलिस जवान नंदलाल पटेल, टिओपी-2 के टाइगर मोबाइल जवान सुबिन्द कुमार और अमित कुमार सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि चोरी की सूचना उन्हें मिली है, लेकिन पीड़ित द्वारा अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।















