रांची : राजधानी के बहु बाजार के निकट गणपत नगर स्थित गणपत पैलेस एवं गौरी सावित्री हेरिटेज के प्रांगण में एक भव्य और सुंदर शिव पार्वती मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में भगवान शिव और पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन किया गया है। कलश यात्रा और अन्य पूजा अनुष्ठान के साथ यज्ञ प्रारंभ हुआ। यज्ञ के दूसरे दिन गुरुवार को भगवान शिव पार्वती को औषधि स्नान के साथ-साथ नगर भ्रमण कराया गया। फूलों से सुसज्जित वाहन में भगवान को बैठा व बाजेगाजे के साथ नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के दौरान हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गो से यह यात्रा गुजरी। हर हर महादेव और बोल बम के नारे से पूरा वातावरण भक्ति में हो गया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु नाचते गाते और जयकारा लगाते दिखे। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान संध्या प्रतिदिन भजन- कीर्तन और प्रवचन का कार्यक्रम चल रहा है । कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर से जुड़े स्वामी जी और उनके भक्तों ने बुधवार की रात भजन कीर्तन, नाटक का मंचन और भगवान श्री कृष्णा पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। स्वामी जी ने भगवत गीता की चर्चा करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। जीवन में भगवत गीता का अनुसरण करने की अपील की। कहा कि मुक्ति के मार्ग का रास्ता यही है। गणपत पैलेस परिसर में भव्य और सुंदर मंदिर का निर्माण जितेंद्र सिंह और पंकज सिंह ने कराया है। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के लिए एक सुसज्जित हॉल का भी निर्माण कराया गया है। प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में यजमान की भूमिका रूपनारायण सिंह पत्नी के साथ निभा रहे हैं। वाराणसी से आए विद्वान पंडित यज्ञ संपन्न करा रहे हैं। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के साथ साथ कई धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शनिवार को धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान भजन कीर्तन में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। गणपत पैलेस परिसर का वातावरण भक्ति में हो गया है।











