Location: Ranka
रंका (गढ़वा), प्रतिनिधि: रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की कथित लव-जिहाद की शिकार नाबालिग को रविवार की रात करीब ग्यारह बजे बिहार के डेहरी-ऑन-सोन स्टेशन से परिजनों ने बरामद कर लिया। वहीं, आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में नाबालिग के पिता
ने रंका थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों और मानपुर पंचायत के मुखिया मोहम्मद हासिम अंसारी ने बताया कि नाबालिग लड़की उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मानपुर में छठी कक्षा की छात्रा है। दो माह पूर्व वह अपने फुआ के घर गई थी, जहां उसका संपर्क एकबाल खां नामक ऑटो चालक युवक से हुआ।
बताया गया कि आरोपी युवक ने नाबालिग को बेहतर जीवन और घूमने-फिरने का झांसा देकर अपने विश्वास में लिया। 27 अक्टूबर को युवक ने नाबालिग को भगा ले जाने का प्रयास किया, लेकिन छठ पर्व के कारण असफल रहा। शुक्रवार की रात करीब ग्यारह बजे उसने फिर लड़की को घर के समीप से लेकर फरार होने का प्रयास किया।
परिवार ने मोबाइल के माध्यम से उसकी लोकेशन ट्रैक की और डेहरी-ऑन-सोन स्टेशन पर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर घर ले आए। आरोपी युवक फिलहाल फरार है।
पुलिस उपाधीक्षक रोहित रंजन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।











