Location: Garhwa

एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम पर बच्चों ने सीखा योग का महत्व
गढ़वा : जी.एन. कॉन्वेंट स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीबीएसई गाइडलाइन के तहत पांच दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करना और उसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् एम. पी. केशरी एवं उप-प्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में निदेशक श्री केशरी ने कहा कि “योग भारत की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक ऐसी विद्या है जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ती है।”
उन्होंने 2025 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” का उल्लेख करते हुए बताया कि यह थीम इस बात को दर्शाती है कि मानव स्वास्थ्य और पृथ्वी के पर्यावरण का गहरा संबंध है। योग हमें आत्ममंथन और संतुलन के लिए प्रेरित करता है।
कार्यशाला के दौरान विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला, पोस्टर मेकिंग और योग गीत जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। योग सत्रों में दैनिक अभ्यास के दौरान बच्चों ने विभिन्न आसनों जैसे ताड़ासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम आदि का अभ्यास किया।
कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक मुकेश कुमार भारती, कृष्ण कुमार, वीरेंद्र शाह, खुर्शीद आलम, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, ऋषभ श्रीवास्तव, पूजा प्रकाश और संतोष प्रसाद सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।















