

कांडी, प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड के पिपरडीह गांव की बेटी खुशबू लक्ष्मी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 977वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशबू की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे पिपरडीह, गोइलकेरा और गढ़वा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग उनके घर पहुंचकर बधाइयां दे रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं।
खुशबू के पिता कृष्ण मुरारी पांडेय एक साधारण किसान हैं। उन्होंने कुछ समय तक स्टेट रेंडिंग डिपो में कार्य किया और बाद में सहारा इंडिया के एजेंट के रूप में भी काम किया। उनकी माता किरण पांडेय एक गृहिणी हैं। चार बच्चों में खुशबू सबसे छोटी बेटी हैं। उनके बाद एक छोटा भाई है।
खुशबू की प्रारंभिक शिक्षा पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में हुई। उन्होंने ज्ञान निकेतन हाई स्कूल, गढ़वा से मैट्रिक और गोपीनाथ महिला कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद मणिपाल यूनिवर्सिटी से बीसीए और राउरकेला से एमसीए की डिग्री हासिल की। 2019 से वे दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
खुशबू की सफलता उनके माता-पिता के संघर्षों और उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। उनके पिता भावुक होकर कहते हैं, “मेरी बेटी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।”
खुशबू लक्ष्मी आज न केवल अपने परिवार की शान बनी हैं, बल्कि जिले की सभी बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई हैं।
600 total views , 3 views today