Location: Meral
मेराल थाना क्षेत्र के बाना महुआ के पास एनएच-39 किनारे अंशु लाइन होटल के समीप बुधवार की रात पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक बरामद किया है। यह कार्रवाई गढ़वा एसपी अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मेराल थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसपी चिरंजीव मंडल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान बाना महुआ से आगे अंशु लाइन होटल के पास खड़े एक बड़े ट्रक को रोका गया। ट्रक के चालक गणपत राम को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो राजस्थान के बाड़मेर जिला अंतर्गत गुड़ामलानी थाना क्षेत्र का निवासी है।
पूछताछ के दौरान चालक ने ट्रक में चावल लदे होने की बात कही और चावल से संबंधित कागजात भी दिखाए, लेकिन संदेह होने पर जब ट्रक का कंटेनर खोला गया तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां पाई गईं। इसके बाद ट्रक और चालक को मेराल थाना लाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कुल 25,440 पीस कांच की बोतलों में भरी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त शराब की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। बरामद ट्रक का नंबर RJ-07-GD-9573 है, जो शराब की तस्करी के लिए बिहार की ओर जा रहा था।
जब्त शराब में
- इंपीरियल ब्लू 750 एमएल की 440 पेटियां (प्रत्येक पेटी में 12 बोतल),
- 375 एमएल की 440 पेटियां (प्रत्येक पेटी में 24 बोतल),
- 180 एमएल की 200 पेटियां (प्रत्येक पेटी में 48 बोतल) शामिल हैं।
डीएसपी चिरंजीव मंडल ने बताया कि गिरफ्तार चालक से शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक के साथ अंचल अधिकारी यशवंत नायक, इंस्पेक्टर संतोष कुमार, थाना प्रभारी विष्णु कांत, एसआई रवि कुमार, एएसआई जालंधर पासवान, हवलदार राजेश्वर खलखो तथा जवान अंजनीकांत, जितेंद्र कुमार, अनिल राम, एएसआई विमलेश कुमार और रवि शामिल थे।











