Location: Meral
मेराल
मेराल प्रखंड के तीन पंचायतों—चामा, मेराल पूर्वी एवं मेराल पश्चिम—में कार्यरत पंचायत सचिव परमानंद पाठक के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को तीनों पंचायत भवनों में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत सचिव को अंगवस्त्र, फूल माला और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
विदाई समारोह में चामा पंचायत की मुखिया प्रतिमा देवी, मेराल पूर्वी पंचायत के मुखिया रामसागर महतो और मेराल पश्चिम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम ने परमानंद पाठक के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पाठक का कार्यकाल सभी पंचायतों में बेदाग, ईमानदार और प्रशंसनीय रहा है।
चामा पंचायत की मुखिया प्रतिमा देवी ने कहा कि सचिव पाठक का कार्यकाल उनके पंचायत में अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि पाठक जी किसी भी कार्य को सरलता और कुशलता से निपटाते थे। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
मेराल पूर्वी पंचायत के मुखिया रामसागर महतो ने कहा कि पाठक जी का कार्यकाल पूरी तरह से निष्कलंक रहा और उनकी कार्यशैली से पंचायत के लोगों को कभी असुविधा नहीं हुई।
विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि परमानंद पाठक एक कुशल, विनम्र और कर्मठ कर्मचारी थे, जिनका स्वभाव सरल और सहयोगपूर्ण रहा। उन्होंने मेराल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में अपने सेवा काल के दौरान अनुकरणीय कार्य किए।
मेराल पश्चिम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम ने कहा कि सेवानिवृत्ति एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन पाठक जी ने जिस ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया, वह सराहनीय है। वे समय-समय पर पंचायत को उचित सुझाव भी देते रहते थे।
कार्यक्रम में बीडीसी नाथून राम, पंचायत सचिव शोभित तिवारी, राधा कुमारी, रामनाथ चौधरी, आवास मित्र विजय विश्वकर्मा, वार्ड सदस्य विनोद चौधरी, देवकुमार राम, भोलाराम, उषा देवी, रहमुद्दीन अंसारी, दीपलेश्वर चंद्रवंशी, अरविंदा सिंह, फिरोज अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे











