Location: पलामू
हुसैनाबाद (पलामू)। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सोहया पहाड़ स्थित दमदमी गांव के समीप माइंस के गहरे गड्ढे में एक युवक के डूब जाने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पतरा खुर्द निवासी लवकुश कुमार पानी में जाने के बाद वापस नहीं लौटे, जिसके बाद उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोजबीन में जुटी हुई है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है और लोग युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस माइंस के गड्ढे में यह घटना हुई है, वहां गहरे जलभराव के कारण पहले भी सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। खदान क्षेत्र में बने गहरे गड्ढों और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर कई बार चिंता व्यक्त की गई है।
युवक के डूबने की आशंका की इस घटना के बाद एक बार फिर माइंस क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा तलाश अभियान लगातार जारी था।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। युवक के मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।