Location: Manjhiaon
मझिआंव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। बरडीहा थाना क्षेत्र के गंगतिरया गांव निवासी स्वर्गीय धनेश्वर रजवार के लगभग 25 वर्षीय पुत्र अरविंद रजवार रविवार सुबह शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान पानी छूने के क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पानी में गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक पानी में डूबा रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी सबसे पहले वहां मौजूद चरवाहों को हुई, जिन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर बरडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक दुर्घटनावश डूबने की घटना है।
मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है।
वहीं, बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही विधवा पत्नी को सरकारी योजनाओं के तहत हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।











