Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 में लगातार हो रही बारिश के कारण जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। राधा कृष्ण मंदिर के सामने से पश्चिम दिशा में मझिआंव खुदा जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। करीब 2 से 3 फीट तक पानी भर जाने के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन कठिन हो गया है। हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि लोगों को नर्क जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान यही इलाका जलमग्न हो गया था, लेकिन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा अब तक केवल आश्वासन ही दिया गया है, ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस जलजमाव से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं, मंदिर में पूजा करने वाले श्रद्धालु और आम राहगीर बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। गंदे पानी से होकर गुजरना लोगों की मजबूरी बन गई है, जिससे नगर पंचायत प्रशासन के प्रति लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
स्थलीय निरीक्षण के बाद कार्रवाई की तैयारी
इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सिटी मैनेजर राकेश कुमार पाठक, जितेश कुमार, कनिय अभियंता उमाकांत रवि और सफाई प्रभारी राकेश श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही समुचित कार्रवाई कर समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
जलजमाव का मुख्य कारण: अधूरी नाली निर्माण और सफाई की कमी
स्थानीय लोगों और कर्मियों के अनुसार, प्रत्येक वर्ष जलजमाव का मुख्य कारण उस क्षेत्र में नाली का अभाव और नियमित सफाई का न होना है। यदि नाली का समुचित निर्माण हुआ होता, तो वर्षा का पानी सीधे कोयल नदी में निकल जाता। लेकिन व्यवस्था के अभाव में वार्ड के लोग पूरे चार महीने इस नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं।











