
गढ़वा
मेराल थाना क्षेत्र के पेशका गांव में शुक्रवार की शाम एक निर्माणाधीन मकान में कार्य कर रहे मजदूर की 11 केवीए विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चामा गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद कुमार राम, पिता प्रयाग राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पेशका गांव में डॉ. नूर अंसारी के पुत्र शाहनवाज अंसारी के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। फिलहाल नींव खोदने का काम हो रहा था, जिसमें विनोद कुमार राम समेत सात मजदूर और मिस्त्री कार्यरत थे।
इसी दौरान पिलर खड़ा करने के क्रम में एक लोहे का रॉड निर्माण स्थल के ठीक पास से गुज़र रहे 11 केवीए हाई वोल्टेज विद्युत तार से टकरा गया। रॉड पकड़े हुए विनोद को तेज़ करंट का झटका लगा और वह असंतुलित होकर नींव के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर पड़ा। गड्ढे में पहले से लगे लोहे के रॉड से टकराने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट भी लग गई।
घटना के तुरंत बाद अन्य मजदूरों ने परिजनों और मकान मालिक को सूचना दी। सभी लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विनोद को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी। शुक्रवार शाम लगभग छह बजे पोस्टमार्टम की तैयारी पूरी कर ली गई थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।