Location: सगमा
गढ़वा। अहले सुबह सगमा प्रखंड के धरती डोलवा गांव निवासी प्रदीप उर्फ छोटू पासवान (35) की रेल हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह रेणुकूट जाने के लिए घर से निकला था और विंढमगंज स्टेशन के समीप रेल लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान चोपन की ओर जा रहे पायलट इंजन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान ने बताया कि मृतक छोटू पासवान की पत्नी और पांच छोटे-छोटे बच्चे (चार बेटियां व एक बेटा) हैं। वह मजदूरी करता था और दो माह पूर्व ही बाहर से घर लौटा था। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्लेटफार्म विस्तारीकरण के बाद यहां चार लाइन हो गई है। स्टेशन के दूसरी ओर करीब एक दर्जन गांव बसे हैं, जिनके लोग रोजाना बाजार, स्कूल और अस्पताल जाने के लिए लाइन पार करते हैं। लेकिन अंडरपास या फुटओवरब्रिज की व्यवस्था नहीं होने से अब तक दर्जनभर लोगों की मौत हो चुकी है। कई बार ग्रामीणों ने धनबाद रेल मंडल से लिखित में अंडरपास बनाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर अंडरपास का निर्माण नहीं किया गया तो रेल चक्का जाम आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
इधर, जीआरपी व सिविल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दूधी भेज दिया है। वहीं मृतक के घर पर कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।











