Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। बरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित 10+2 हाई स्कूल के समीप मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति और कीचड़ से नाराज़ ग्रामीणों ने शनिवार को अनोखे ढंग से विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कीचड़ में तब्दील हो चुकी सड़क पर धान की रोपनी कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई।
यह प्रतीकात्मक विरोध कार्यक्रम पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पुष्प रंजन मेहता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार प्रखंड से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान व वर्तमान दोनों विधायकों ने इस ओर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, जिससे स्थिति बद से बदतर हो गई है।
पुष्प रंजन ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक ग्रामीण शांतिपूर्ण और रचनात्मक तरीकों से विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने उपायुक्त से इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेने और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की।
इस मौके पर बरडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया रामदेव विश्वकर्मा उर्फ भदुल विश्वकर्मा ने कहा कि अपने जीवन में उन्होंने कभी ऐसी सड़क की दुर्दशा नहीं देखी। उन्होंने वर्तमान विधायक से भी अविलंब कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पुष्प रंजन मेहता और रामदेव विश्वकर्मा के अलावा चंपा देवी, पानमती देवी, वृंदा देवी, लक्ष्मी देवी, अजीत पाल, पिंटू ठाकुर सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।











