Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा): रघुवर दास बुधवार को ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के पुजारी चंद्रशेखर तिवारी व अन्य विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं माता राधिका सहित अन्य देवी-देवताओं का विधिवत पूजन-अर्चन और आरती की।
मंदिर कमेटी की ओर से रघुवर दास को ‘राधे-राधे’ लिखा पट्टा ओढ़ाकर तथा भगवान श्रीकृष्ण और माता राधिका की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें बांसुरी, मोर पंख एवं राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट की गई।
रघुवर दास ने कहा कि ऐतिहासिक व पौराणिक श्री बंशीधर मंदिर में आकर राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने झारखंड के सर्वांगीण कल्याण, राज्य की चार करोड़ जनता की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम, डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी, भानु प्रताप शाही, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा सहित शारदा महेश प्रताप देव, रघुराज पांडेय, मुकेश चौबे, ओमप्रकाश गुप्ता, रेखा देवी, कुमार कनिष्क, मथुरा राम समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।











