Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर:
श्री बंशीधर नगर पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को चुनावी प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के सभी 10 प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर के द्वारा यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। चुनाव चिन्ह मिलते ही नगर में चुनावी माहौल अचानक गरमा गया है।
चुनाव चिन्ह आवंटन के क्रम में किरण कुमारी को एयर कंडीशनर, पिंटू देवी को घड़ी, रीना देवी को चूड़ियां, रूबी कुमारी को बैटरी चार्ज, रेखा देवी को बेंच, लता देवी को बिस्किट, विजयलक्ष्मी देवी को बक्सा, शमीम बानो को ईंटें, साधना देवी को बाल्टी तथा सुधा देवी को कैमरा चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।
चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। नगर के विभिन्न वार्डों में अब उम्मीदवार अपने चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में जुट गए हैं। गलियों, चौक-चौराहों और बाजारों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत चुनाव के तहत 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना के बाद यह तय हो जाएगा कि किस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा बंधता है। मतदाताओं की नजर अब इस बात पर टिकी है कि किस चुनाव चिन्ह पर मतदाताओं का अधिक भरोसा और समर्थन मिलता है।
चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ ही श्री बंशीधर नगर में चुनावी रण पूरी तरह सज चुका है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना है।











