Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर: थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव निवासी मनोज उरांव का पुत्र अजीत उरांव साइबर ठगी का शिकार हो गया है। युवक ने बताया कि 2 अक्टूबर को फेसबुक चलाते समय उसे एक अपाची बाइक की आकर्षक तस्वीर दिखाई दी। फोटो पर क्लिक करते ही एक व्यक्ति ने संपर्क किया, जो खुद को फौजी बताकर बेहद कम दाम में बाइक देने का झांसा देने लगा।
ठग ने विश्वास जीतने के बाद किश्तों में दो-दो हजार रुपये लेकर बाद में 12 हजार 500 रुपये और मांगे। इस तरह कुल करीब 34 हजार रुपये ठग लिए गए। अजीत ने बताया कि पैसे भेजे एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद न बाइक मिली और न ही रकम लौटी, उल्टे ठग अब भी फोन कर और पैसे की मांग कर रहा है।
पीड़ित ने इसकी लिखित शिकायत श्री बंशीधर नगर थाना में दर्ज कराई है। वही थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सस्ते ऑफर या अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं। साइबर ठग अब नई-नई तरकीबों से भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहे हैं।












