Location: Shree banshidhar nagar

बंशीधर नगर।
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), पलामू क्षेत्र श्री किशोर कौशल ने आज बंशीधर नगर स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति तथा पुलिसिया व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, अपराध की स्थिति एवं अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे पुलिस कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी श्री किशोर कौशल ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी सक्रियता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने प्रत्येक घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़े और प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई बेहद आवश्यक है। पुलिस को सजग, संवेदनशील और जवाबदेह रहते हुए कार्य करना होगा, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके। इसके साथ ही उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और क्षेत्र में नियमित एवं सघन गश्ती बढ़ाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येन्द्र नारायण सिंह, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।











