Location: पलामू
उँटारी रोड (पलामू): उँटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला में डायन-बिसाही के संदेह को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगी टांगी एवं बांस की लाठी बरामद कर ली है।
पलामू पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को सूचना मिली कि गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रभु रजवार (48) की 8 वर्षीय पुत्री की 2 अगस्त को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह एक भगत के पास गया, जहां कथित रूप से पड़ोसी ललिता देवी एवं दुर्गा देवी (मृतक चनका रजवार की पत्नी) पर डायन-बिसाही करने और उसकी पुत्री की मौत के लिए जिम्मेदार होने की बात कही गई। इसी संदेह को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने टांगी, फरसा और लाठी से हमला कर चनका रजवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना में उसके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी मामूली मारपीट की गई।
इस मामले में नन्दु रजवार के बयान पर उँटारी रोड थाना कांड संख्या 43/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 191(3), 118(1), 118(2), 109, 103(1) तथा डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभु रजवार, झुबली देवी, गुड्डन रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला के निवासी हैं। घटना में प्रयुक्त खून लगी टांगी और बांस की लाठी भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।











