Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): प्रखंड के सुंडीपुर निवासी और स्थानीय डाकघर में कार्यरत पोस्टमास्टर उदय कुमार सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह ने झारखंड प्रशासनिक सेवा परीक्षा में 133वीं रैंक हासिल कर गांव, प्रखंड और गढ़वा जिले का नाम रोशन किया है। 26 वर्षीय राहुल अपने माता-पिता के एकमात्र पुत्र हैं। उनकी तीन बहनें हैं—बड़ी बहन प्रियंका कुमारी की शादी औरंगाबाद में, दूसरी बहन प्रीति कुमारी की शादी पटना में हुई है, जबकि सबसे छोटी बहन प्रियम कुमारी वर्तमान में इंदिरा सिंह बीएड कॉलेज, गढ़वा से डीएलएड की पढ़ाई कर रही हैं।
राहुल की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में किशुनराज पब्लिक हाई स्कूल, बलियारी से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई आदर्श इंटर कॉलेज, वाराणसी से की। 2020 में इलाहाबाद स्टेट यूनिवर्सिटी से बीएससी (एग्रीकल्चर) की डिग्री प्राप्त की और फिर पीजी की पढ़ाई इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से पूरी की।
राहुल वर्तमान में उत्तराखंड के चंदौली जिले में उद्यान विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन 2024 के नवम्बर में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुआ था। राहुल के पिता उदय कुमार सिंह ने बताया कि वह शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और अब वह आईएफएस (भारतीय वन सेवा) की भी तैयारी कर रहे हैं।
राहुल की इस उपलब्धि पर गांव सुंडीपुर एवं उनके विद्यालय किशुनराज पब्लिक स्कूल में ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस सफलता पर गड़ाखुर्द पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह, जिला पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, विनय कुमार सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है।











