Location: Manjhiaon
पुल पर आवागमन पर रोक, प्रशासन सतर्क
मझिआंव। मझिआंव एवं ऊंटारी रोड को जोड़ने वाला कोयल नदी पर बना पुल खतरे के निशान से ऊपर बह रही बाढ़ की चपेट में आ गया है। पानी पुल के स्लैब के ठीक नीचे से बह रहा है, जिससे स्थिति गंभीर हो गई है। वहीं, कोयल नदी का पानी राधा-कृष्ण मंदिर के आसपास तक भर गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार एवं पुलिस टीम ने पुल का निरीक्षण किया। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार के निर्देश पर ध्वनि यंत्रों के माध्यम से लोगों को पुल के पास जाने से मना किया जा रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4, 5, 6 और 7 सहित अन्य इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी भर चुका है। वार्ड 5 के नई मुहल्ला स्थित पीसीसी पथ पर लगभग एक फीट पानी बह रहा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित है। वार्ड 4 में राधा-कृष्ण मंदिर के सामने पीसीसी पथ पर पानी जमा हो गया है और सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।
इसी तरह वार्ड 6 के प्रजापति मुहल्ला में जलजमाव से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। नगर पंचायत और प्रशासन द्वारा राहत कार्यों के लिए सतर्कता बरती जा रही है, लेकिन लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।











