Location: Meral
मेराल (गढ़वा) — चरका पत्थर स्थित नूरी मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कैंसर पीड़ित हासनदाग गांव निवासी विजय चौधरी की पत्नी सुशीला देवी के लिए आर्थिक सहयोग जुटाया गया। इस दौरान मस्जिद के इमाम हजरत मौलाना गुलाम यासीन साहब सहित सभी नमाजियों ने सहयोग में भागीदारी निभाई।
युवा समाजसेवी अतहर अली अंसारी एवं सदर मुख्तार अंसारी ने जानकारी दी कि विजय चौधरी पिछले कुछ महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज रांची के रिम्स अस्पताल में चल रहा है। इलाज का खर्च उठाना उनके परिवार के लिए बेहद कठिन हो गया है।
बताया गया कि सुशीला देवी शुक्रवार को मस्जिद पहुंचीं और इमाम हजरत मौलाना गुलाम यासीन साहब को अपनी व्यथा सुनाई। इसके बाद इमाम साहब ने जुमे की नमाज से पहले मिंबर शरीफ से लोगों से मदद की अपील की। नमाज के बाद मस्जिद में उपस्थित लोगों ने खुलकर आर्थिक सहायता दी।
सुशीला देवी को अगले शुक्रवार को भी मस्जिद में बुलाया गया है, ताकि और अधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस मौके पर पूर्व वीडीसी लतीफ अंसारी, रेयाज अंसारी, मौलवी गुलाम मुस्तफा, नेजाम अंसारी, शहादत अंसारी, नूर मोहम्मद अंसारी, शरीफ अंसारी, हमीद अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।











