Location: पलामू
मेदिनीनगर। कारगिल शहीद स्मारक पार्क, पोल-पोल में कारगिल युद्ध के अमर शहीद युगम्बर दीक्षित की शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में हम पार्टी के जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार तिवारी ने सर्वप्रथम शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद भारत माता की जय तथा कारगिल शहीद अमर रहे के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर आशुतोष कुमार तिवारी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारत के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है, जिसमें देश के अनेक वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पलामू के वीर सपूत युगम्बर दीक्षित का नाम उन अमर शहीदों में शामिल है, जिन्होंने 23 जून 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल क्षेत्र में दुश्मनों से लोहा लेते हुए वीरगति प्राप्त की थी।
उन्होंने कहा कि युगम्बर दीक्षित की शहादत ने पूरे पलामू जिले सहित देश को गौरवान्वित किया। जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर अपने गांव पहुंचा था, तब पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी और हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी थी। उनका बलिदान आज भी युवाओं को देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
आशुतोष तिवारी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा से बढ़कर कोई कर्तव्य नहीं है। शहीद युगम्बर दीक्षित का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के हृदय में अमर रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला, श्रीमती संजू शुक्ला, राकेश शर्मा, ओम श्रीवास्तव, निरंजन प्रसाद, सर्वेश्वरी मंगलम विद्या मंदिर की वंदना कुमारी, दिव्या कुमारी, अंकित कुमार, रोहित कुमार, राजेंद्र कुमार, प्रभा कुमारी, राम कुमार, श्रवण कुमार, विशाल कुमार, आकाश कुमार, पिंकी कुमारी, काजू कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।










