Location: Garhwa
जनसुनवाई में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
गढ़वा। उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, अतिक्रमण, रोजगार एवं बकाया मजदूरी भुगतान समेत विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई में मेराल के किसान परमेश्वर सिंह ने पैक्स में बेचे गए धान की शेष राशि भुगतान नहीं होने की शिकायत की, जबकि रमना के ध्रुव बैठा ने भूमि की ऑनलाइन रसीद नहीं कटने का मामला उठाया। चिनियां के ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया। वहीं सदर प्रखंड के वशिष्ठ दीक्षित ने खेल मैदान में चेंजिंग रूम निर्माण की बकाया राशि भुगतान की मांग की। उपायुक्त ने सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हेडिंग: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा, बीएलओ और बीएलए-2 को दिया गया प्रशिक्षण
गढ़वा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रांची से आए अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने नगर ऊंटारी एवं डंडा प्रखंड कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, निर्धारित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय फीडबैक पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
हेडिंग: नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को लेकर समीक्षा बैठक, 26 जून तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
गढ़वा। अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी विकास कुमार राय की अध्यक्षता में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 23 से 26 जून तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सभी प्रखंडों में स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य विभागों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन ने समाज को नशामुक्त बनाने में सभी विभागों एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है।
झार जल पोर्टल की समीक्षा, लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही पर उपायुक्त नाराज
गढ़वा। उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झार जल पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अगले बैठक तक सभी शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि पोर्टल पर अब तक 1860 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1659 का निष्पादन किया जा चुका है। 61 मामले अभी भी लंबित हैं। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि पुराने मामलों के लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी। उन्होंने पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
: 3 जुलाई को गढ़वा में लगेगा दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला
गढ़वा। जिला नियोजन कार्यालय द्वारा “रोजगार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत 3 जुलाई 2026 को टाउन हॉल, चिनियां मोड़ में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियां एवं संस्थान भाग लेकर तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि ने जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से मेले में भाग लेने की अपील की है। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। रोजगार मेले में शिक्षा, सुरक्षा, वित्त, निर्माण एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
: पंचायत स्तर पर लगाया जाएगा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर
गढ़वा। जिले के नौ प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में क्लस्टर आधारित कार्ययोजना के तहत ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक क्लस्टर में एक पंचायत भवन को मुख्यालय बनाया जाएगा, जहां निर्धारित तिथि पर आवेदकों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इच्छुक आवेदकों को परिवहन विभाग की वेबसाइट parivahan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को संबंधित पंचायत भवन में उपस्थित होना होगा। शेष प्रखंडों में अगस्त एवं सितंबर माह के दौरान यह अभियान चलाया जाएगा।










