Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि):
कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने बुधवार को डूमरसोता एवं पतीला पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि कांडी प्रखंड में पैक्स के माध्यम से धान की खरीद शुरू हो गई है।
बीडीओ ने बताया कि किसानों से 24.50 रुपये प्रति किलो की दर से धान की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों केंद्रों पर तेजी से धान खरीद का कार्य चल रहा है। अब तक तीन किसानों द्वारा धान बिक्री की गई है। अनुमान है कि इस वर्ष लगभग 200 किसान पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से अपना धान बेचेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि धान अधिप्राप्ति केंद्र द्वारा किसानों को सूचना देने के लिए मैसेज भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मैसेज प्राप्त होने के बाद किसान तीन दिनों के भीतर पैक्स को अपना धान उपलब्ध कराएंगे।
बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि निबंधित किसानों को धान की खरीद-बिक्री के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या होती है, तो वे तत्काल प्रखंड कार्यालय को इसकी सूचना दें। प्रखंड प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।












