
Location: Garhwa

गढ़वा: कन्या विवाह एवं विकास सोसाइटी, प्रधान कार्यालय वैरागी के तत्वावधान में शुक्रवार को गोड्डा लोहिया नगर स्थित होटल गुनिया प्राइड में कन्याओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर संस्था सचिव विकास कुमार माली, डॉन बास्को निदेशक अमित राय, स्वास्थ्य विभाग के दीपक कुमार झा और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गप्पू सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया।
मंच संचालन मुकेश कुमार ने किया और संस्था सचिव को पुष्प भेंटकर सम्मानित भी किया। इस दौरान विकास माली ने संस्था के उद्देश्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि संस्था अब तक बिहार व झारखंड में करीब 14,000 कन्याओं को विदाई सामग्री देकर सहयोग कर चुकी है, साथ ही सैकड़ों सामूहिक विवाह भी संपन्न कराए गए हैं।
संस्था बाल विवाह, दहेज प्रथा और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सक्रिय रूप से काम कर रही है और गया के मैगरा व डुमरिया प्रखंड में निःशुल्क विद्यालय भी संचालित कर रही है। अब संस्था ने गोड्डा में भी कार्यक्षेत्र विस्तार करते हुए पंचायत स्तर पर निःशुल्क शिक्षा और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल शुरू की है।
इस मौके पर हासिबुल्लाह अंसारी, राजा कुमार, जिला प्रबंधक मुकेश कुमार, ममता कुमारी, सूरज ठाकुर, मोनिका कुमारी, सुनीता मुर्मू सहित कई समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
