Location: Meral
मेराल। आपन सरस्वतीया नदी सफाई अभियान के आठवें दिन गढ़वा एसडीएम संजय कुमार पांडे मेराल पहुंचे और प्रभारी बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक के साथ अभियान का जायजा लिया। नदी की सफाई का कार्य लगातार जारी है। रविवार को पांच जेसीबी मशीनों की सहायता से पश्चिमी श्मशान घाट एवं नवजीवन हॉस्पिटल के समीप दो स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया।
सफाई अभियान में एक-एक दिन के लिए जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने वालों में सीओ यशवंत नायक, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल शाह, विजय यादव, मुखिया वीरेंद्र नाथ तिवारी तथा एएमओ शशि कुमार कच्छप शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि एसडीएम संजय कुमार पांडे के मार्गदर्शन और प्रभारी बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान से अपना अस्तित्व खो चुकी सरस्वतीया नदी धीरे-धीरे पुनः अपने स्वरूप में दिखाई देने लगी है। जनसहयोग से श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए रास्ते का भी निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार पांडे ने मेरालवासियों की सराहना करते हुए कहा कि नदी में जमी गाद को हटाया जा रहा है तथा जहां अतिक्रमण किया गया था, वहां से अतिक्रमण हटाकर बालू के स्तर तक सफाई की जा रही है। इससे जल संचयन बढ़ेगा, भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि नदियों को बचाने का यह प्रयास वास्तव में सभ्यता और प्रकृति को बचाने का कार्य है। उन्होंने सीओ यशवंत नायक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में लोगों को जोड़कर जिस तरह यह अभियान चलाया जा रहा है, वह अनुकरणीय है।
सीओ यशवंत नायक ने कहा कि एसडीएम की प्रेरणा और जनसहयोग से यह अभियान मास्टर प्लान के तहत संचालित किया जा रहा है तथा बरसात शुरू होने से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य है।
विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने कहा कि एसडीएम के मार्गदर्शन, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। वहीं पूर्व जिला परिषद सदस्य संजय भगत ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध लोग, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं, जिससे अभियान को निरंतर सफलता मिल रही है।
अभियान को सफल बनाने में मुखिया रामसागर महतो, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राम, सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद, दशरथ प्रसाद, प्रेमचंद प्रसाद, बबन कालिया, महेंद्र प्रसाद, जफिर अंसारी, एसबी एकेडमी के निदेशक मदन यादव, विनोद प्रसाद उर्फ लाला, प्रमोद महाजन, नथुनी राम, धनंजय चौधरी, विनोद कुमार मेहता, मनोज कुमार, सुनील कुमार मेहता, विनेश मेहता सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी लोग अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।