Location: आपकी खबर टीम
1. मझिआंव: महुली में सवारी गाड़ी पलटने से एक दर्जन से अधिक घायल, 4 की हालत गंभीर, गढ़वा रेफर
मझिआंव (प्रतिनिधि): कांडी प्रखंड अंतर्गत महुली गांव स्थित एक आहर के पास सोमवार को सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया और मझिआंव रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रभारी डॉ. गोविंद सेठ और डॉ. विशाल कुमार मिश्रा द्वारा इलाज किया गया।
घायल अयोध्या चौधरी ने बताया कि वे सभी जपला के कुकही गांव से अमला धाम (यूपी) जा रहे थे। ड्राइवर नशे में था और मोबाइल पर गाने चला रहा था, इसी लापरवाही में वाहन पलट गया। गंभीर रूप से घायलों में अयोध्या चौधरी (53), उनकी बेटी सुमित्रा देवी (30), बबली कुमारी (18), पत्नी चंदा देवी (45), दामाद राघवेंद्र कुमार (27) और 7 माह की बच्ची सहित अन्य शामिल हैं। चार की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
2. मझिआंव-बरडीहा: श्रावणी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मझिआंव (प्रतिनिधि): श्रावणी मास के दूसरे सोमवार को मझिआंव और बरडीहा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए शिवालयों में कतारें लग गईं।
मझिआंव के चंद्री शिव मंदिर, मेन बाजार दुर्गा मंदिर, खजुरी मनोकामना शिव मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, दुबे तहले शिव मंदिर, गोपालपुर शिव मंदिर, वहीं बरडीहा के श्रुगारी टोला शिव मंदिर और सेमरी के मारे गुरु शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। चंद्री शिवालय में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ से अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।
3. कांडी: भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखिया संघ का ऐलान, 25 जुलाई को प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी
कांडी (प्रतिनिधि): प्रखंड क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ मुखिया संघ ने मोर्चा खोल दिया है। 25 जुलाई, शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी कर मुखिया धरना देंगे। इस बाबत मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार दुबे ने बीडीओ को एक लिखित आवेदन सौंपा है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड के अधिकतर अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। अब जनप्रतिनिधि चुप नहीं बैठेंगे। आंदोलन में राणाडीह की मुखिया ललित बैठा, सुबोध कुमार, परीखा राम, सोनी देवी, रीता देवी, पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और आरती कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
4. कांडी: एफसीआई का राशन लेकर जा रहा ट्रक 30 घंटे से फंसा, सड़क की बदहाली उजागर
कांडी (प्रतिनिधि): प्रखंड मुख्यालय स्थित जमा दो उच्च विद्यालय और प्रखंड कार्यालय के बीच की जर्जर सड़क पर रविवार दोपहर से एफसीआई का राशन लदा ट्रक (JH 02 S 6915) फंसा हुआ है। ट्रक चालक दिनेश प्रसाद ने बताया कि वह राशन लेकर प्रखंड गोदाम जा रहा था, तभी यह घटना हुई।
यह सड़क वर्षों से जर्जर है और बारिश में हालात नारकीय हो जाते हैं। न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान है। ट्रक के फंसने से आमजनों को थाना, बाजार और स्कूल जाने में भारी कठिनाई हो रही है। विद्यार्थियों के ड्रेस तक कीचड़ में सने हुए हैं। खबर लिखे जाने तक ट्रक अब भी उसी हालत में फंसा है।











