Location: पलामू
मेदिनीनगर/पलामू। स्कूल की रसोइया से अवैध संबंध बनाने में विफल रहे एक पारा शिक्षक द्वारा उसके पति की हत्या की साजिश रचने के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। हत्या के इरादे से भेजे गए चार हथियारबंद अपराधियों को पुलिस ने शनिवार देर रात धर दबोचा। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक-एक पिस्तौल, गोलियाँ और दो चाकू बरामद किए ्गए हैं।
रमेशन ने बताया कि मामला छत्तरपुर थाना क्षेत्र के सीलदाग का है। यहाँ 50 वर्षीय पारा टीचर सत्यदेव विश्वकर्मा अपने स्कूल की महिला रसोइया से अवैध संबंध बनाना चाहता था। रसोइया के प्रतिरोध और असफलता के बाद उसने उसके पति की हत्या कराने की साजिश रची। इसके लिए उसने अपराधियों को 40 हजार रुपये देने का लालच दिया था।
पुलिस के अनुसार रसोइया अपने साथ हो रही छेड़छाड़ की बात समय-समय पर अपने पति को बताती थी, जिसके कारण पति और पारा टीचर के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रसोइया और आरोपी पारा टीचर एक ही गांव के अलग-अलग टोला के निवासी हैं।
हत्या की कोशिश से पहले पारा टीचर और अपराधियों ने रसोइया के घर की रेकी भी की थी, लेकिन पुलिस को समय रहते इसकी भनक लग गई। शनिवार रात जैसे ही चारों अपराधी रसोइया के घर की ओर बढ़े, घात लगाए पुलिस दल ने उन्हें वहीं पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार गिरोह का नेतृत्व डकैती कांड के आरोपी राजवंश परहिया (52) कर रहा था। उसके साथ राजू साव (35), मंटू कुमार परहिया (33) और स्वयं पारा टीचर सत्यदेव विश्वकर्मा भी शामिल था। सभी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।











