Location: कांडी
कांडी
माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सोमवार को कांडी प्रखंड अंतर्गत सुंडीपुर स्थित मध्य विद्यालय की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में विद्यालय परिसर में अवैध रूप से निर्मित मकानों और झुग्गी-झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सुरेश राम, बुधन राम, मध्या कुंवर एवं जीतकेश्वर पासवान द्वारा विद्यालय की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हुई, हालांकि कांडी पुलिस की सतर्कता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
इस अभियान का नेतृत्व अंचल अधिकारी राकेश सहाय एवं थाना प्रभारी अशफाक आलम ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर अंचल निरीक्षक संदीप गुप्ता, राजस्व कर्मचारी गणेश चौधरी, अंचल अमीन धर्मेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात थे।
अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि विद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर माननीय उच्च न्यायालय का स्पष्ट एवं सख्त आदेश प्राप्त था। उन्होंने कहा कि अतिक्रमणकारियों को अंचल कार्यालय की ओर से पूर्व में कई बार नोटिस तामिला कराया गया था तथा भूमि खाली करने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की गई। न्यायालय के निर्देश के आलोक में सोमवार को कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान सामान की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया।
विद्यालय की भूमि अतिक्रमण मुक्त होने से शिक्षकों, छात्रों एवं स्थानीय ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। भूमि खाली होने के बाद विद्यालय में खेल मैदान सहित अन्य शैक्षणिक एवं विकास कार्यों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है।











