Location: पलामू
मेदिनीनगर।पलामू हुसैनाबाद थाना में काला पहाड़ विस्फोट में शहीद हुए जवानों को पलामू पुलिस ने याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी. 27 जनवरी 2016 को पलामू के छतरपुर एवं हुसैनाबाद के सीमावर्ती इलाके के काला पहाड़ इलाके में लैंड माइंस विस्फोट हुआ था. इस विस्फोट में पुलिस के सात जवान शहीद हो गए थे. सीआरपीएफ 134 बटालियन एवं पलामू पुलिस टीम ने उस समय नक्सलियों के खिलाफ एक सर्च अभियान चलाया था।सर्च अभियान के बाद सीआरपीएफ एवं पुलिस टीम वापस लौट रही थी इसी क्रम में छतरपुर थाना क्षेत्र के काला पहाड़ में महुदंड रोड पर माओवादियों ने लैंड माइंस विस्फोट किया था. इस विस्फोट की घटना में झारखंड पुलिस के सात जवान विस्फोट की चपेट में आए और शहीद हो गए थे. सभी जवान हुसैनाबाद थाना में तैनात थे और सभी सीआरपीएफ की टीम के साथ नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन के लिए निकले थे।मंगलवार एवं बुधवार को पलामू पुलिस के जवानों ने काला पहाड़ विस्फोट में शहीद हुए जवानों को याद किया एवं उन्हें श्रद्धांजलि दी. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने भी शहीद जवानों का याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।हुसैनाबाद थाना में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब, हुसैनाबाद इंस्पेक्टर विनोद राम एवं हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी के नेतृत्व में सभा का आयोजन किया गया. हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि काला पहाड़ घटना में शहीद जवानों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।











