Location: पलामू
1. स्वतंत्रता दिवस पर मुखिया अनुज कुमार त्रिपाठी ने फहराया तिरंगा
मेदिनीनगर। सदर प्रखंड के रजवाडीह पंचायत भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुखिया सह अधिवक्ता अनुज कुमार त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पंचायत के सभी सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे। ध्वजारोहण के बाद मुखिया ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज ही के दिन हमारा देश आजाद हुआ था और यह दिन हर भारतीय के हृदय में उत्साह, गर्व और देशभक्ति की भावना भर देता है।
2. झारखंड पुलिस एसोसिएशन कार्यालय में फहराया गया तिरंगा
मेदिनीनगर। झारखंड पुलिस एसोसिएशन कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। एसोसिएशन के सचिव डेबिट मिंज ने राष्ट्रध्वज फहराया, जबकि अध्यक्ष बबलू कुमार और उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने तिरंगे को सलामी दी। अध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा कि 1947 में आज ही के दिन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत हम अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त हुए थे। उन्होंने पूरे झारखंड वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर संयुक्त सचिव अरविंद कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे।
3. अस्पताल पुलिस चौकी के जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मेदिनीनगर। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और जवानों को उनके बेहतर कार्य के लिए अस्पताल अधीक्षक अजय कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधीक्षक ने बताया कि वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने जनवरी 2025 में अस्पताल पुलिस चौकी का उद्घाटन किया था, जिसके बाद से अस्पताल की विधि-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अस्पताल दलालों के चंगुल से मुक्त हुआ है। सम्मान पाने वालों में एएसआई शशि रंजन पांडे, सुशीला टीयू, नीरज सिंह, महेंद्र कुमार और विकास कुमार शामिल थे।
4. अज्ञात वाहन की चपेट में आकर 10 वर्षीय बच्चे की मौत
मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा खुर्द फोर लेन सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 10 वर्षीय आयुष कुमार की मौत हो गई। मृतक गांव के ही उमेश पासवान का पुत्र था। परिजनों ने बताया कि आयुष शुक्रवार सुबह स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए स्कूल गया था। घर लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल आयुष को स्थानीय लोगों ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।
5. टीओपी-3 में थाना प्रभारी अजय गुप्ता ने फहराया तिरंगा
मेदिनीनगर। टीओपी-3 थाना परिसर में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। थाना प्रभारी अजय कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का माहौल बनाया। थाना प्रभारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी को बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, एसआई प्रदीप कुमार, टाइगर मोबाइल के जवान सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।











