Location: पलामू
मेदिनीनगर।पड़वा थाना क्षेत्र के चेचनहा गांव के पास स्कूल वाहन और बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई।जबकि उसी बाइक पर सवार एक महिला,एक पुरुष और एक 8 वर्ष की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बारे में बताया जाता है कि पड़वा थाना क्षेत्र के रजहरा गांव निवासी दीपक कुमार उम्र 24 वर्ष शनिवार की दोपहर बाइक पर सवार होकर अपनी मां,बहनोई और भगिनी को डालटनगंज रेलवे स्टेशन से लाने गया था। डालटनगंज रेलवे स्टेशन से एक ही बाइक पर सवार होकर चारो लोग पड़वा रजहरा गांव जा रहे थे।इसी बीच रास्ते में चेचनहा गांव के पास एक स्कूल वाहन से दीपक के बाइक की टक्कर हो गई। स्कूल वहान के टक्कर से बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।इसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा इस घटना की जानकारी पड़वा थाना की पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पड़वा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनिराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने दीपक कुमार उम्र 24 वर्ष को मृत घोषित कर दिया।वहीं इस घटना में घायल मृतक दीपक की मां पारो कुंवर उम्र 50,बहनोई रास बिहारी मौर्या 35 और भगिनी रागनी कुमारी 8 वर्ष का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही चल रहा है।वही घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस जवान विकास कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर दीपक के शव का इंक्वेस्ट कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद पड़वा थाना की पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।वही इस घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।











