मझिआंव (प्रतिनिधि): प्रखंड क्षेत्र के सोनपुरवा पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय आचछो डीह परिसर में शुक्रवार को “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमति कनक के नेतृत्व में लगाया गया।
शिविर में महिलाओं के लिए गोंद भराई एवं बच्चों के लिए मुख जुड़ाई (मुंह जुड़ाई) कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीडीओ कनक ने मौके पर मौजूद आदिम जनजाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर 2023 को शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें, ताकि उनका सामाजिक और आर्थिक विकास संभव हो सके।
इस मौके पर प्रखंड प्रमुख आरती दुबे, पंचायत सचिव सह प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी श्रीकांत उपाध्याय, डॉ. विशाल कुमार मिश्रा, आयुष चिकित्सक डॉ. ब्रजेश कुमार पांडेय, पशु चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार यादव, बीपीओ अजीत कुमार सिंह, सहायक शैलेश कुमार, प्रभारी सीआई धनलाल उरांव, बीटीएम दयाशंकर पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बताया गया कि 21 जून को रामपुर पंचायत के जाहर सराय गांव में अगला शिविर आयोजित किया जाएगा।











