Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। प्रखंड के राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, कांडी के सभागार में गुरुवार को सेवानिवृत्त प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) श्रीमती रंभा चौबे के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों द्वारा बीपीओ रविंद्र मेहता के नेतृत्व में किया गया।
समारोह का शुभारंभ बीडीओ राकेश सहाय एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं विदाई गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल बना दिया। उल्लेखनीय है कि श्रीमती रंभा चौबे 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुई थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ राकेश सहाय ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से किया। प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
इस दौरान उपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। समारोह के अंत में उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मौके पर बीआरपी सुनील कुमार पासवान, अकाउंटेंट रोशन कुमार, सीआरपी धर्मेंद्र कुमार दुबे, अरुण कुमार, प्रभु राम, मनीष कुमार मेहता, शिक्षक पुरुषोत्तम द्विवेदी, रामप्रसाद पाठक, निरंजन साहू, श्रीकांत पांडेय, लाल सिंह, सूर्यकांत सिंह, प्रदीप उरांव, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष पंकज प्रसाद, बीडीसी प्रतिनिधि अनुप राम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।











